home page

सिरसा: ट्रेन की चपेट में आने से मजदूर की मौत

 | 

सिरसा, 01 अगस्त (हि.स.)। जिले के डबवाली उपमंडल क्षेत्र में रेलगाड़ी की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

मृतक युवक की पहचान बिहार निवासी सिकंदर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सिकंदर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ क्षेत्र में धान रोपाई के लिए आया था। धान रोपाई का काम समाप्त होने के बाद मजदूर वापस बिहार जाने की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात सिकंदर बाजार से खरीदारी कर अपने कमरे में आ रहा था। डबवाली के मलोट रोड रेलवे पुल के नीचे सिकंदर ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसका पैर व हाथ कट गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma