home page

सोनीपत: अवैध कब्जा हटाने पहुंची टीम, युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा

 | 
सोनीपत: अवैध कब्जा हटाने पहुंची टीम, युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा


-चार घंटे तक वह टावर पर ही चढ़ा

रहा, एक महिला धरने पर बैठ गई विरोध जताया

- पुराने दर पर मुआवजा देना अन्यायपूर्ण, मौजूदा बाजार दर के अनुसार मुआवजा

देने की मांग

सोनीपत, 24 मार्च (हि.स.)। सोनीपत

में अवैध कब्जा हटाने पहुंची टीम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति करीब

250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और हंगामा करने लगा। चार घंटे तक वह टावर पर ही

चढ़ा रहा, एक महिला धरने पर बैठ गई विरोध जताने लगी। घटना नेशनल हाईवे-44 के पास गांव

असावरपुर की है, जहां मंगलवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की टीम बुलडोजर लेकर

सरकारी जमीन से कब्जा हटाने पहुंची थी।

जानकारी

के अनुसार, टीम के पहुंचते ही 48 वर्षीय सुनील अचानक टावर पर चढ़ गया और ऊपर बैठकर

कूदने की धमकी देने लगा। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को

देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई रोक दी और व्यक्ति को समझाने का प्रयास

शुरू किया। करीब चार घंटे तक वह टावर पर ही चढ़ा रहा। प्रशासन उसके मकान और साथ बने

कुछ कमरों को गिराने पहुंचा था। इसी दौरान परिवार की एक महिला धरने पर बैठ गई और विरोध

जताने लगी। उसने भी आत्मदाह की चेतावनी दी। प्रशासन ने एक कमरा गिरा दिया, जिसके बाद

माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

प्राधिकरण

के अधिकारी ने बताया कि संबंधित जमीन का अधिग्रहण दो मार्च 2006 को किया गया था और

तब से यह मामला न्यायालय में विचाराधीन रहा। संबंधित पक्ष उच्च न्यायालय से लेकर सर्वोच्च

न्यायालय तक गया, लेकिन हर जगह याचिका खारिज हो गई। विभाग में भी अपील की गई, जिसे

अस्वीकार कर दिया गया। यह जमीन

60 मीटर चौड़ी सड़क परियोजना में आ रही है, इसलिए इसे खाली कराना आवश्यक है। अधिकारियों

के अनुसार, कई बार नोटिस देने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही यह कार्रवाई

की जा रही थी। यदि जमीन मालिक चाहें तो वर्ष 2006 के निर्धारित दर के अनुसार मुआवजा

अभी भी ले सकते हैं। वहीं,

ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में जमीन के भाव काफी बढ़ चुके हैं और पुराने दर पर

मुआवजा देना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने मौजूदा बाजार दर के अनुसार मुआवजा देने की मांग

की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना