हिसार : स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं : डॉ. विजय कुमार
सेवा संकल्प अभियान के तहत विश्वविद्यालय में
स्वच्छता अभियान आयोजित
हिसार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से सेवा संकल्प
अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान
का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने किया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय
सेवा योजना की समन्वयक डॉ. अंजू गुप्ता के नेतृत्व में हुआ, जिसमें राष्ट्रीय सेवा
योजना इकाई-2 की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गुंजन मुंजाल संयोजक रही। अभियान में विश्वविद्यालय
की राष्ट्रीय सेवा योजना की सभी सात इकाइयों के लगभग 150 स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय
कुमार ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ एवं सुव्यवस्थित जीवन का आधार है। स्वच्छता को केवल
किसी अभियान अथवा विशेष दिवस तक सीमित रखने के स्थान पर इसे दैनिक जीवन की नियमित आदत
के रूप में अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ रखना
प्रत्येक व्यक्ति की व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ-साथ सामाजिक दायित्व भी है। विद्यार्थियों
और युवाओं की सक्रिय सहभागिता से स्वच्छता के प्रति जागरूकता को व्यापक स्तर पर बढ़ाया
जा सकता है।
राष्ट्रीय सेवा योजना की समन्वयक डॉ. अंजू गुप्ता
ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वयंसेवकों को सेवा, स्वच्छता और सामाजिक
उत्तरदायित्व से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना
के स्वयंसेवक समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों
में सक्रिय सहभागिता कर रहे हैं। स्वच्छता अभियान का उद्देश्य परिसर को स्वच्छ रखने
के साथ-साथ स्वयंसेवकों में स्वच्छता के प्रति स्थायी व्यवहार विकसित करना भी है।
स्वच्छता अभियान के दौरान विश्वविद्यालय के पुस्तकालय
परिसर, सभागार, पार्किंग स्थल, शिक्षण खंड-7 तथा महाराणा प्रताप स्टेडियम सहित विभिन्न
स्थानों पर सफाई की गई। स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई
का संदेश दिया तथा अन्य विद्यार्थियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। स्वच्छता
अभियान में कुलसचिव डॉ. विजय कुमार, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ.
सुमित शर्मा, डॉ. रामस्वरूप, दलबीर सिंह, नरेश सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वयंसेवकों
ने श्रमदान किया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने स्वच्छ परिसर, स्वस्थ जीवन और
सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

