हिसार पुलिस ने नशे के लिए दवाओं के दुरुपयोग पर की बड़ी कार्रवाई
11 जिलों के ड्रग कंट्रोल अधिकारियों के साथ संयुक्त छापेमारी
22 मेडिकल स्टोर खंगाले; 7 पर बिना रिकॉर्ड ड्यूल यूज दवाओं का स्टॉक मिला
हिसार, 14 सितंबर (हि.स.)। नशे के रूप में दुरुपयोग होने वाली दवाओं की अवैध
बिक्री पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने ड्रग कंट्रोल विभाग के साथ मिलकर जिलेभर में बड़ी
कार्रवाई की। संयुक्त टीमों ने बरवाला, उकलाना, आदमपुर, अग्रोहा और हिसार शहर क्षेत्र
के 22 मेडिकल स्टोरों की जांच की। इस दौरान 7 मेडिकल स्टोरों पर ड्यूल यूज दवाओं का
उचित रिकॉर्ड के बिना स्टॉक मिला, जबकि 3 मेडिकल स्टोरों पर पंजीकृत फार्मासिस्ट अनुपस्थित
पाए गए। जांच के दौरान 14 दवाओं के नमूने भी लिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देश पर साेमवार काे की गई इस कार्रवाई में हरियाणा के
विभिन्न जिलों से 11 ड्रग कंट्रोल अधिकारी शामिल हुए। टीमों ने मेडिकल स्टोरों पर उपलब्ध
दवाओं के साथ उनकी खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेजों
की जांच की। जांच के दौरान बिक्री-खरीद रिकॉर्ड सहित अन्य नियमों से जुड़ी अनियमितताएं
भी सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार इन उल्लंघनों को लेकर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट
के तहत लाइसेंसिंग अथॉरिटी, हिसार जोन द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
लिए गए 14 दवाओं के नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा।
नशे के लिए दवाओं की बिक्री पर पैनी नजर
एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि कुछ ड्यूल यूज दवाओं का नशे के रूप में दुरुपयोग
किए जाने की शिकायतों को पुलिस गंभीरता से ले रही है। नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और
इनके दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए पुलिस और ड्रग कंट्रोल विभाग के बीच बेहतर समन्वय
के साथ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर से मिलने वाली सूचनाओं के
आधार पर मेडिकल स्टोरों की अचानक जांच और संयुक्त छापेमारी आगे भी जारी रहेगी। नियमों
का उल्लंघन कर दवाओं की बिक्री करने अथवा नशे के लिए दवाओं के दुरुपयोग को बढ़ावा देने
वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला पुलिस का फोकस नशे के खिलाफ
कार्रवाई को केवल नशा तस्करों तक सीमित रखने के बजाय नशे के लिए दवाओं के दुरुपयोग
से जुड़ी पूरी कड़ी पर है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

