home page

हिसार में नशा तस्करी के मामले बढ़े, 141 तस्कर गिरफ्तार

 | 
हिसार में नशा तस्करी के मामले बढ़े, 141 तस्कर गिरफ्तार


हिसार, 13 जुलाई (हि.स.)। जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे

विशेष अभियान के तहत वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई में उल्लेखनीय बढ़ोतरी

दर्ज करते हुए नशा तस्करों के नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। पुलिस के अनुसार इस वर्ष एक

अप्रैल से 12 जुलाई के बीच एनडीपीएस अधिनियम के तहत 88 मामले दर्ज किए गए, जबकि पिछले

वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 41 थी। इस तरह मामलों में करीब 115 प्रतिशत की वृद्धि

दर्ज हुई है।

एसपी सिद्धांत जैन ने साेमवार काे बताया कि इस अवधि में 139 आरोपियों को गिरफ्तार किया

गया, जबकि वर्ष 2025 में 94 तस्करों की गिरफ्तारी हुई थी। इसके अलावा पिछले वर्ष के

दो वांछित आरोपियों को भी इस साल गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार कुल 141 नशा तस्करों

को कानून के शिकंजे में लाया गया है। पुलिस ने अभियान के दौरान भारी मात्रा में मादक

पदार्थ भी बरामद किए हैं। इनमें 6.395 किलोग्राम अफीम, 4.550 किलोग्राम चरस,

17.838 किलोग्राम गांजा, 1.889 किलोग्राम हेरोइन के अलावा 480 ट्रामाडोल कैप्सूल,

240 अल्प्राजोलम टैबलेट, 60 एटिजोलम टैबलेट तथा अन्य नशीली दवाइयां शामिल हैं।

एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार

करना नहीं, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है। इसके लिए आर्थिक जांच, अवैध

संपत्तियों की पहचान और कानून के सभी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तस्कर को बख्शा

नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशे की

तस्करी या अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर