हिसार : फिरौती मांगने के आरोप में छह गिरफ्तार
मुख्य आरोपी अभी पकड़ से बाहर, पुलिस कर रही गिरफ्तारी का प्रयास
हिसार, 26 जून (हि.स.)। संगठित अपराध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए
जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने हथियारों से हमला करने के मामले में त्वरित
कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर
रही है।
जांच अधिकारी उप निरीक्षक विनोद ने शुक्रवार काे बताया कि इस संबंध में जिले के
गांव ढ़ाणी बुखारी निवासी सुरेन्द्र ने शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार गत 24 जून की
रात वह अपने साथी के साथ फॉर्च्यूनर गाड़ी में घर जा रहा था। हिसार कैंट के मुख्य द्वार
के समीप दो गाड़ियों में सवार 8-10 युवकों ने उसकी गाड़ी को रोक लिया। आरोप है कि मुख्य
आरोपी शमशेर उर्फ लालू व उसके साथियों ने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए, पिस्तोल दिखाकर दो
लाख रुपये छीन लिए तथा लाठी-डंडों और गंडासी से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। घटना
के दौरान डायल-112 पुलिस वाहन आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो
गए।
सूचना के बाद केस दर्ज करके मामले में कार्रवाई करते हुए थाना सदर पुलिस ने
छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें बीड़ बबरान निवासी राजविन्द्र, भारत
नगर निवासी विकास, ठसका निवासी सोमबीर, मंगाली आकलान निवासी
प्रतीक, ठसका निवासी रवि व पड़ाव चौक यादव मोहल्ला निवासी मयंक शामिल है।
जांच अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। फरार
मुख्य आरोपी शमशेर उर्फ लालू सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी
जा रही है। पुलिस घटना में प्रयुक्त हथियारों, वाहनों तथा लूटी गई राशि की बरामदगी
के लिए भी प्रयासरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

