सोनीपत पुलिस ने बरामद किए 30 गुमशुदा मोबाइल, मालिकों को लौटाए
सोनीपत, 04 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत
पुलिस की साइबर सेल ने अगस्त माह में गुम हुए 30 मोबाइल फोन बरामद कर शुक्रवार को उनके
वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस
आयुक्त ममता सिंह के मार्गदर्शन में गुमशुदा मोबाइल बरामद करने के लिए अभियान चलाया
जा रहा है। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन एवं साइबर नरेन्द्र कादयान, सहायक पुलिस आयुक्त
साइबर राजदीप मोर के निर्देशन में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक कमल सिंह की टीम ने
तकनीकी निगरानी और डिजिटल माध्यमों की मदद से मोबाइल ट्रेस किए।
साइबर
सेल में तैनात सहायक उप निरीक्षक जोगिंदर सिंह ने बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे।
उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम होने की शिकायतें सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज की गई थीं।
शिकायत मिलने के बाद मोबाइल के पहचान नंबर के आधार पर तकनीकी निगरानी की गई और उन्हें
बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने से गुम मोबाइल
को बंद कराया जा सकता है, जिससे उसके गलत इस्तेमाल की आशंका कम होती है। साथ ही मोबाइल
की तलाश और बरामदगी में भी मदद मिलती है।
पुलिस
ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर बिना देरी सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज
कराएं और नजदीकी थाने या साइबर सेल से संपर्क करें। समय पर शिकायत करने से मोबाइल के
गलत इस्तेमाल को रोकने और उसे वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

