सोनीपत में युवक पर गर्म सरियों से हमला कर नकदी,मोबाइल व जेवर छीने
सोनीपत, 09 मार्च (हि.स.)। सोनीपत में एक युवक पर गर्म लोहे की सरियों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल
करने और उसके पास मौजूद नकद व सामान छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत
पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण
अधिनियम के तहत सोमवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम निवासी वीरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत
में बताया कि उसका छोटा भाई अनिल रात के समय मटिंडू रोड स्थित बिस्मिल्लाह होटल के
पास मौजूद था। उसी दौरान होटल से जुड़े कुछ कर्मचारियों और अन्य युवकों ने अनिल के
साथ झगड़ा कर हमला कर दिया। होटल से जुड़े अवेश अंसारी सहित कुछ अन्य युवक झगड़ में
शामिल हैं, जिनकी पहचान पुलिस कर सकती है।
परिजनों के अनुसार आरोपियों ने अनिल के साथ मारपीट की। गर्म लोहे की सरियों
से कई वार किए गए। हमले में उसके दोनों पैरों रक्त रंजित हो गए। आरोप लगाया गया है
कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने अनिल के पास मौजूद सामान भी छीन लिया। इनमें नकदी,
एक मोबाइल फोन तथा उसकी पत्नी सोने का आभूषण शामिल है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी
मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने 112 नम्बर पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी।
घायल अनिल को पहले नागरिक अस्पताल खरखौदा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक
उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया,
जहां आर्थोपेडिक और सर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। अस्पताल में पुलिस टीम भी पहुंची और घायल अनिल तथा उसके भाई के बयान कैमरे पर
दर्ज किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद केस एसीपी राजदीप
मोर को भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

