home page

हिसार :हत्यारोपियाें के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी, विदेश भागने की कोशिश पर भी नजर

 | 
हिसार :हत्यारोपियाें के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी, विदेश भागने की कोशिश पर भी नजर


फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए 10 पुलिस टीमें मैदान में

अब तक तीन आरोपी

गिरफ्तार

हिसार, 11 अगस्त (हि.स.)। शहर के सूर्य नगर हत्या मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी

के लिए पुलिस ने 10 विशेष टीमें गठित की हैं, जो अलग-अलग संभावित ठिकानों पर लगातार

दबिश दे रही हैं। पुलिस ने सभी वांछित आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी कर

दिया है। इसके चलते आरोपियों के विदेश भागकर कानून की कार्रवाई से बचने की कोशिश पर

भी पुलिस की नजर बनी हुई है।

अब तक पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार

किया है जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य अभी पुलिस गिरफ्तार से बाहर है। उनकी गिरफ्तारी

की मांग पर परिजन व पंचग्रामी के ग्रामीण लघु सचिवालय के आगे धरने पर बैठे हैं वहीं

सप्ताह बाद भी मृतक का अंतिम संस्कार नहीं हो पाया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने मंगलवार काे कहा कि सूर्य नगर मामले को पुलिस ने बेहद गंभीरता

से लिया है। पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े

प्रत्येक तथ्य, साक्ष्य और संभावित कारण की बारीकी से पड़ताल कर रही है, ताकि मामले

की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले में शामिल

अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है। इसके आधार पर पुलिस

की 10 टीमें अलग-अलग संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार

आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले

को लेकर अपनी कार्रवाई का दायरा भी बढ़ा दिया है। आरोपियों के संभावित ठिकानों के साथ-साथ

उनके संपर्कों और आवाजाही से जुड़ी जानकारियां भी खंगाली जा रही हैं।

फरार आरोपियों के देश से बाहर निकलने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सभी वांछित

आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है। इसके बाद यदि कोई आरोपी देश छोड़ने

का प्रयास करता है तो संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के स्तर पर उसकी पहचान कर कार्रवाई

की जा सकेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आरोपी को कानून के शिकंजे से

बचने का मौका नहीं दिया जाएगा और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार

जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को

ध्यान में रखते हुए की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर