कैथल: लंदन से भारत आकर महंगे गिफ्ट देने का झांसा, महिला से 6.39 लाख की साइबर ठगी
कैथल, 08 अगस्त (हि.स.)। वाट्सएप पर विदेशी बनकर एक महिला से दोस्ती करना और फिर लंदन से भारत आकर महंगे गिफ्ट देने का झांसा देकर छह लाख 39 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। ठगों ने महिला को मुंबई एयरपोर्ट पर उसके कथित दोस्त के महंगे सामान और डॉलर के साथ पकड़े जाने तथा बाद में सीबीआई केस में फंसाने का डर दिखाकर अलग-अलग किस्तों में रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवाई। ढांड थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।महिला के अनुसार मई के पहले सप्ताह में उसके वाट्सएप पर एक विदेशी नंबर से मैसेज आया था। मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम मनीष चौधरी बताते हुए कहा कि वह इंग्लैंड में रहता है। बातचीत आगे बढ़ने पर उसने महिला को पसंद करने की बात कही और अपनी तस्वीरें भेजने लगा। उसने भारत आकर महिला से मिलने तथा उसके लिए आइफोन, डॉलर और आभूषण जैसे महंगे गिफ्ट लाने की बात कही।ठग ने महिला को विश्वास में लेने के लिए लंदन से मुंबई का टिकट भी भेजा और बताया कि वह 25 मई को भारत पहुंच जाएगा। 25 मई को महिला को मैसेज मिला कि मनीष मुंबई पहुंच चुका है। कुछ समय बाद एक अन्य नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एयरपोर्ट से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए कहा कि मनीष के पास महंगे आभूषण और मोबाइल फोन मिले हैं और उसे पकड़ लिया गया है। उसे छुड़ाने के लिए 90 हजार रुपये मांगे गए। मनीष के नाम से भी महिला को मैसेज भेजकर उसे छुड़ाने के लिए पैसे देने की अपील की गई। झांसे में आई महिला ने बताए गए स्कैनर के माध्यम से 90 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 28 मई को फिर फोन आया और कहा गया कि मनीष के पास डॉलर भी मिले हैं, जिसके चलते दो लाख रुपये और जमा कराने होंगे। महिला ने यह रकम अपने भांजे और भतीजी के खातों से ट्रांसफर करवा दी। इसके बाद भी अलग-अलग कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का डर दिखाकर पांच जुलाई तक उससे रकम मांगी जाती रही। इस तरह महिला से कुल छह लाख 39 हजार रुपये ठग लिए गए। बाद में महिला ने अपने भाई को पूरी बात बताई, जिसके बाद उसे अपने साथ हुई साइबर ठगी का पता चला। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एसआई सुरेंद्र सिंह को सौंपी है। पुलिस आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

