home page

हिसार : साइंस टीचर के तबादले पर भड़के छात्रों ने स्कूल पर जड़ा ताला

 | 
हिसार : साइंस टीचर के तबादले पर भड़के छात्रों ने स्कूल पर जड़ा ताला


हिसार, 22 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के मिलगेट क्षेत्र के शिवनगर स्थित सरकारी

स्कूल में गुरुवार सुबह बच्चों ने मुख्य गेट पर ताला जड़कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

बच्चे अपनी साइंस टीचर पूनम के तबादले से बेहद नाराज हैं और उन्हें वापस स्कूल में

लाने की पुरजोर मांग कर रहे हैं। सुबह करीब 6:55 बजे बच्चों ने एकजुट होकर स्कूल के

गेट पर ताला लगा दिया, जिसके बाद वे लगातार बाहर खड़े होकर प्रदर्शन करते रहे, जबकि

स्कूल के सभी टीचर अंदर ही फंसे रह गए। प्रदर्शन कर रहे बच्चों का कहना है कि पूनम

मैडम को तुरंत वापस इसी स्कूल में लगाया जाए ताकि उनकी पढ़ाई लिखाई किसी भी तरह से

प्रभावित न हो।

दूसरी ओर, कुछ बच्चों ने शिक्षकों के देरी से स्कूल पहुंचने का गंभीर आरोप

भी लगाया है। उनका यह भी कहना है कि समय पर पढ़ाई न होने की वजह से उनकी शिक्षा लगातार

बाधित हो रही है। दूसरी तरफ, स्कूल में मौजूद शिक्षकों ने भी इस बात की पुष्टि की है

कि साइंस टीचर पूनम का तबादला होने के कारण ही बच्चे इतना विरोध कर रहे हैं।

हालात यह हो गए कि ताला बंदी के दो घंटे से अधिक समय तक भी मौके पर कोई भी

बड़ा अधिकारी या प्रशासनिक नुमाइंदा नहीं पहुंचा, जिससे बच्चे और ज्यादा रोषित हो गए।

इसी बीच, स्कूल के ही एक अन्य टीचर ने बड़ा खुलासा करते हुए स्कूल में अंदरूनी राजनीति

होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इसी अंदरूनी राजनीति के चलते ही साइंस टीचर

पूनम का तबादला किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर