हिसार : एक मिनट बचाने की होड़ में जिंदगी से खिलवाड़ नहीं चलेगा : सिद्धांत जैन
200-300 रुपये का जुर्माना बचाने के लिए तेज रफ्तार से बस दौड़ाने वाले चालकों
पर होगी सख्त कार्रवाई
हिसार, 17 सितंबर (हि.स.)। निर्धारित समय से बस के एक-दो मिनट लेट होने की
भरपाई सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाकर करने वाले प्राइवेट बस चालकों पर अब पुलिस
सख्ती करेगी। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने प्राइवेट बस संचालकों, चालकों और परिचालकों
को दो टूक चेतावनी दी है कि समय की पाबंदी के नाम पर यात्रियों और अन्य राहगीरों की
जान जोखिम में डालना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसपी ने गुरुवार काे कहा कि कुछ मामलों में सामने आया है कि निर्धारित समय से बस लेट होने
पर चालक को प्रति मिनट आर्थिक जुर्माना देना पड़ता है। इसी जुर्माने से बचने के लिए
कुछ चालक बस की गति बढ़ाकर तेज और खतरनाक ओवरटेकिंग करने लगते हैं। इससे यात्रियों
के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। उन्होंने कहा
कि एक-दो मिनट की देरी का आर्थिक नुकसान किसी इंसान की जिंदगी से बड़ा नहीं हो सकता।
यदि बस लेट हो गई है तो चालक उसे निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों के अनुसार ही
चलाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देरी की भरपाई के लिए तेज रफ्तार, गलत तरीके से ओवरटेकिंग,
अचानक लेन बदलना, लाल बत्ती तोड़ना या मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना भारी पड़ सकता है।
एसपी ने बस संचालकों से भी कहा कि वे चालकों पर समय-सारणी पूरी करने का ऐसा
दबाव न बनाएं, जिससे उन्हें यातायात नियमों की अनदेखी करनी पड़े। उन्होंने कहा कि बस
समय पर पहुंचाना जरूरी है, लेकिन यात्रियों को सुरक्षित पहुंचाना उससे कहीं अधिक जरूरी
है।
पुलिस रखेगी विशेष निगरानी
जिला पुलिस प्राइवेट बसों की गति और चालकों की ड्राइविंग शैली पर विशेष निगरानी
रखेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई
की जाएगी। एसपी ने कहा कि टाइमटेबल कुछ मिनट लेट हो सकता है, लेकिन जिंदगी दोबारा नहीं
मिलती। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कोई बस चालक तेज रफ्तार या खतरनाक तरीके
से बस चलाता दिखाई दे तो इसकी सूचना पुलिस को दें। समय पर दी गई सूचना किसी संभावित
सड़क दुर्घटना को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

