home page

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के डॉ. सुमित शर्मा ने हरियाणा के एनएसएस दल का किया नेतृत्व

 | 
हिसार: गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के डॉ. सुमित शर्मा ने हरियाणा के एनएसएस दल का किया नेतृत्व


उत्तर क्षेत्र पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर में 34 स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा

विश्वविद्यालय की मान्या सिवाच भी हुई चयनित

हिसार, 03 नवंबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय

की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुमित शर्मा ने उत्तर

क्षेत्र पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर-2026 में हरियाणा राज्य के दल का नेतृत्व किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना निदेशालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय शिविर

द्रोणाचार्य कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गुरुग्राम में आयोजित किया गया। इसमें हरियाणा के

अलावा पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के

एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

कुलपति प्रो. विजय कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि

राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और

राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। डॉ. सुमित शर्मा

को हरियाणा दल का नेतृत्व सौंपा जाना और विश्वविद्यालय की स्वयंसेविका मान्या सिवाच

का शिविर के लिए चयनित होना विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। कुलसचिव डॉ. विजय

कुमार ने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी सामाजिक सेवा और राष्ट्रीय

गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करती हैं।

एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अंजू गुप्ता ने मंगलवार काे बताया कि शिविर में हरियाणा की

ओर से कुल 34 स्वयंसेवकों ने भाग लिया, जिनमें 17 छात्र और 17 छात्राएं शामिल थीं।

विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई-5 की स्वयंसेविका मान्या सिवाच का भी हरियाणा दल में

चयन हुआ। उन्होंने शिविर में भाग लेकर दस दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा

किया। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता, सांस्कृतिक

गतिविधियों, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा

लिया। विभिन्न राज्यों से आए युवाओं को एक-दूसरे की सांस्कृतिक परंपराओं को समझने और

आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का अवसर मिला।

शिविर में दिए गए प्रशिक्षण का उद्देश्य

युवाओं को गणतंत्र दिवस परेड जैसी राष्ट्रीय गतिविधियों के लिए तैयार करने के साथ उनमें

आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और सामूहिक नेतृत्व की क्षमता विकसित करना भी रहा। डॉ. सुमित शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन और एनएसएस समन्वयक से मिले

मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग के कारण उन्हें हरियाणा दल का नेतृत्व करने का अवसर

मिला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को समाज सेवा से जोड़ने

के साथ उनमें नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित

करती है। शिविरों से प्राप्त अनुभव विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन के साथ उनके व्यक्तिगत

और सामाजिक विकास में भी उपयोगी साबित होते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर