home page

कैथल: पड़ाेसी के हत्यारोपी वकील ने कोर्ट में किया सरेंडर

 | 
कैथल: पड़ाेसी के हत्यारोपी वकील ने कोर्ट में किया सरेंडर


कैथल, 23 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव जाजनपुर में पड़ोसी की छह गोलियां मारकर हत्या करने के मामले में आरोपी एडवोकेट वीरेंद्र श्योकंद ने सोमवार दोपहर को अदालत में सरेंडर कर दिया। आरोपी ने जज माधव मित्तल की कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। सरकारी एडवोकेट गुरमुख सिंह ने इसकी पुष्टि की है।

गौरतलब है कि रविवार को आरोपी वीरेंद्र श्योकंद ने अपनी पॉइंट 32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर से पड़ोसी राजीव (42) पर छह गोलियां चलाई थीं। इनमें चार गोलियां सिर और दो आंखों में लगी थीं। गंभीर रूप से घायल राजीव ने गली में ही दम तोड़ दिया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

राजीव की हत्या से गुस्साए परिजनों ने आरोपी का एनकाउंटर करने की मांग करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया था। परिजनों का कहना था कि जब तक आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। हालांकि, पुलिस अधिकारियों के आश्वासन और समझाने के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम करवाने के लिए तैयार हो गए।

इस मामले में ढांड थाना पुलिस ने मृतक के परिवार की शिकायत पर एडवोकेट वीरेंद्र श्योकंद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन सोमवार दोपहर उसने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। सोमवार को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों को समझाया, जिसके बाद वे पोस्टमॉर्टम करवाने के लिए तैयार हो गए। हालांकि, आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर परिजन अड़े रहे। मृतक राजीव गांव में खेती-बाड़ी का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी नीलम और एक बेटा हरप्रीत है। नीलम गृहिणी हैं, जबकि हरप्रीत बीए सेकंड ईयर में पढ़ाई कर रहा है। राजीव की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे