home page

झज्जर में वकील की गला रेतकर हत्या, हड़ताल पर गए वकील

 | 
झज्जर में वकील की गला रेतकर हत्या, हड़ताल पर गए वकील


झज्जर, 05 मार्च (हि.स.)। शहर में एक वकील की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात से वकीलों में रोष फैल गया। बार एसोसिएशन के आह्वान पर स्थानीय अदालत में काम करने वाले वकीलों ने गुरुवार काे वर्क सस्पेंड रखा। उन्होंने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी न होने तक वकील काम नहीं करेंगे।

जिला के गांव सिलानी की विजयलक्ष्मी कॉलोनी के मूल निवासी एडवोकेट देवराज चाहर पिछले कई साल से जिला अदालत चित्र में वकालत की प्रैक्टिस करते थे। फिलहाल वह अपने परिवार सहित शहर में छारा चुंगी के निकट माता गेट मोहल्ला में रहते थे। बुधवार रात वह अपने घर में सो रहे थे कि किसी ने आकर उनका गला रेत दिया।परिजनों को पता लगा तो तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचते ही जांच करके डॉक्टर ने देवराज को मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। घटना स्थल पहुंचकर भी पुलिस ने जाँच की। फॉरेंसिक लेबोरेटरी की टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। गुरुवार सुबह वारदात की जानकारी मिलते ही वकीलों में रोष फैल गया। बार एसोसिएशन ने वर्क सस्पेंड रखने की घोषणा कर दी। एसोसिएशन के प्रधान दीपक गोयल ने कहा कि जब तक पुलिस मामले का खुलासा नहीं करेगी और आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक एसोसिएशन के सदस्य वकील काम नहीं करेंगे। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र कुमार ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वारदात का कारण और वारदात करने वाले का पता लगाने के लिए कई दृष्टिकोण से जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज