हिसार : लाॅरेंस गैंग ने पाेस्ट डालकर ली टोल मैनेजर की हत्या की जिम्मेदारी
अनिल पंडित नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट
में ली हत्या की जिम्मेवारी
पोस्ट के अनुसार विरोधियों की मदद करता था मृतक,
पुलिस जांच जारी
हिसार, 24 जून (हि.स.)। जिलेे के बरवाला क्षेत्र
के गांव बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर शिफ्ट मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या में लॉरेंस गैंग
की एंट्री हो गई है। लॉरेंस गैंग ने इस हत्या की जिम्मेवारी लेते हुए कहा है कि मृतक
उनके विरोधियों की मदद कर रहा था। हालांकि पुलिस जांच जारी है और लॉरेंस गैंग की जिम्मेवारी
बारे अभी पुलिस ने कोई पुष्टि नहीं है लेकिन अनिल पंडित नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट
वायरल हो रही है, जिसमें उक्त बातें लिखी गई है।
मामले के अनुसार बाडो पट्टी टोल पर शिफ्ट मैनेजर
संजय शुक्ला की हत्या की जिम्मेवारी लॉरेंस गैंग ने ली है। अनिल पंडित नाम के सोशल
मीडिया अकाउंट से वारदात से संबंधित एक पोस्ट में लिखा गया है कि ‘टोल मैनेजर संजय
शुक्ला के मर्डर की जिम्मेदारी हम लेते हैं। ये हमारे दुश्मनों की मदद करता था। समझाने
के बाद भी ये नहीं माना, इसीलिए इसे मारना पड़ा। इसी अकाउंट से ऑडियो भी शेयर किया
गया है। जिसमें कहा-कान खोलकर सुन लो, अगर किसी ने हमारे दुश्मनों का साथ दिया, उसका
अंजाम ऐसा ही होगा।’
काली स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने मंगलवार रात
को टोल मैनेजर संजय को गाड़ी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था। संजय युवकों से
130 रुपए टोल शुल्क मांग रहा था लेकिन युवकों ने खुद को स्थानीय निवासी बताते हुए टोल
देने से इनकार कर दिया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात में
इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो खेदड़ गांव से किराए पर ली थी। पुलिस के अनुसार वारदात से
पहले आरोपी पहाड़ों पर घूमने भी गए थे। बताया जा रहा है कि इस मामले में बरवाला पुलिस
ने एक आरोपी को हिरासत में भी लिया है लेकिन पुुलिस ने उसकी पुष्टि नहीं की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

