सिरसा: नशे के खिलाफ सामाजिक व नैतिक लड़ाई जरूरी: एडीजीपी
सिरसा, 11 जून (हि.स.)। : हरियाणा के एडीजीपी संजय कुमार ने कहा कि नशे के विरुद्ध केवल कानून से लड़ाई संभव नहीं, बल्कि यह सामाजिक व नैतिक जिम्मेदारी भी है, जिसमें हम सब मिलकर लड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस द्वारा 11 जून से 26 जून तक विशेष नशामुक्त हरियाणा जागरूकता पखवाड़ा चलाया जा रहा है, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, परिवार की खुशियां और राष्ट्र की प्रगति को प्रभावित करता है।
यदि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं तो वे देश के विकास के सशक्त वाहक बन सकते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाकर इस अभियान का सक्रिय सहभागी बने। एडीजीपी गुरुवार को सिरसा के चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में राज्यव्यापी अभियान के आगाज पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण भी मौजूद रहे।
एडीजीपी ने कहा कि हरियाणा पुलिस द्वारा ‘नशामुक्त हरियाणा जागरूकता पखवाड़ा’ के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में नशीले पदार्थों का उत्पादन नहीं होता, बल्कि सीमावर्ती राज्यों एवं अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के माध्यम से इनकी आपूर्ति की जाती है। नशे की इस सप्लाई चेन को तोडऩे के लिए हरियाणा पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज को गुमराह करने तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तत्वों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय कुमार ने कहा कि यदि पिछले पांच वर्षों के अपराध आंकड़ों का विश्लेषण किया जाए तो विभिन्न श्रेणियों के अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। विशेष रूप से वर्ष 2022 से पूर्व की तुलना में वर्ष 2025-26 के दौरान महिला विरुद्ध अपराधों में महत्वपूर्ण गिरावट देखने को मिली है। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस की इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल का रिस्पॉन्स टाइम भी पहले की अपेक्षा काफी बेहतर हुआ है, जिससे आपात परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में स्पेशल टास्क फोर्स का गठन कर गैंगस्टरों, संगठित अपराधियों एवं अन्य अपराधी तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

