भाजपा निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था का दुरुपयोग कर रही है: कृष्णा तीरथ
नूंह, 23 नवंबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी नूंह की ओर से सोमवार को नूंह विधानसभा क्षेत्र के गांव आकेड़ा की पुरानी चौपाल में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि नूंह विधायक एवं कांग्रेस विधायक दल के उपनेता आफताब अहमद ने अध्यक्षता की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हाजी शहीदा खान और पीसीसी सदस्य चौधरी महताब अहमद विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन नूंह ब्लॉक अध्यक्ष जमशेद आकेड़ा ने किया। चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार यह गंभीर सवाल उठा रही है कि भाजपा चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था का दुरुपयोग क्यों और कैसे कर रही है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता, स्वतंत्रता और विश्वसनीयता लोकतंत्र की बुनियाद है। यदि मतदाता सूचियों में मनमाने तरीके से नाम जोड़ने या हटाने और मतदाताओं को उनके अधिकारों से वंचित करने की आशंकाएं सामने आती हैं तो उनकी निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।
विधायक चौधरी आफताब अहमद ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान महज राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकारों की रक्षा के लिए शुरू की गई मुहिम है। कांग्रेस नेतृत्व पूरी प्रतिबद्धता के साथ इन मुद्दों को उठा रहा है। अभियान का नेतृत्व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल कर रहे हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हाजी शहीदा खान ने कहा कि मेवात में पार्टी संगठन की जिम्मेदारी है कि इस अभियान को गांव-गांव, घर-घर और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाया जाए।
पीसीसी सदस्य चौधरी महताब अहमद ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी संगठनात्मक ऊर्जा और सक्रियता के साथ अभियान में जुटें। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

