जींद : मेरी फसल, मेरा ब्योरा में गलत पंजीकरण कर लिया 15 हजार 200 रुपये का लाभ
जींद, 27 सितंबर (हि.स.)। मेरी फसल, मेरा ब्योरा में गलत पंजीकरण कर 15 हजार 200 रुपये का अनुचित लाभ लेने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार रविवार काे एक युवती के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेजा का सहारा लेने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।
सीएम फ्लाइंग के उपनिरीक्षक सतपाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत एक जुलाई को सूचना मिली थीकि मालसरी खेड़ा निवासी अमित व दलबीर की जमीन पर किसी ने मेरी फसल मेरा ब्योरा के तहत गलत पंजीकरण करवाया है। इसके साथ ही सरकार की योजना के तहत 15 हजार 200 रुपये का लाभ भी ले लिया है। उन्होंने स्वयं मामले की जांच की। इसमें कृषि एवं किसान कल्याण विभाग से रिकार्ड लिया और गांव मालसरीखेड़ा में जाकर जांच की। गांव की सरपंच सुनीता रानी ने बताया कि परवाना नाम का कोई व्यक्ति उनके गांव में रहता ही नही है।
जिस मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन किया गया था, उसकी जांच की तो पता चला कि यह नंबर परवाना पुत्री हकमुदीन का है। जो नूंह जिले की फिरोजपुर झिरका तहसील के गांव कमेदा की रहने वाली है। राजस्व रिकार्ड के अनुसार जिस जमीन का पंजीकरण किया गया उसमें आठ कनाल मालसरी खेड़ा निवासी अमित व आठ मरले दलबीर की है। दोनों ने बताया कि उन्होंने मेरी फसल मेरा ब्योरा व मेरा पानी, मेरी विरासत योजना पर कोई पंजीकरण नहीं किया और न ही इसका कभी लाभ उठाया। जो 15 हजार 200 रुपये सरकार की तरफ से भेजे गए हैं, वह परवाना पुत्री हकमुदीन के सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक के खाते में गए हैं। रविवार को जानकारी देते हुए पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने परवाना के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

