home page

कैथल: जमीनी विवाद में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी ने की फायरिंग

 | 
कैथल: जमीनी विवाद में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी ने की फायरिंग


कैथल, 25 अगस्त (हि.स.)। सीवन क्षेत्र के गांव नागल में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट के बाद एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से दूसरे पक्ष की ओर तीन से चार राउंड फायर कर दिए। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। फायरिंग के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने रिवाल्वर और कारतूस छीन लिए। मारपीट में कई लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल लाया गया।घटना की सूचना मिलते ही सीवन थाना पुलिस और एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने फायरिंग करने के आरोपी गगन नाथ को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। नागल निवासी संतलाल के अनुसार गगन नाथ ने उससे जमीन ले रखी है, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद जमीन के पैसे नहीं दिए गए। संतलाल का आरोप है कि कई बार पैसे देने का आश्वासन दिया गया, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। इसी सिलसिले में वह अपने पक्ष के लोगों के साथ पैसे मांगने के लिए गगन के पास पहुंचा था।आरोप है कि वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान गगन नाथ ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल ली और सामने वाले पक्ष की ओर फायरिंग कर दी। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आईं। बाद में घायलों को कैथल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। पुलिस के अनुसार संतलाल किसी अन्य मामले में जेल में था और हाल ही में बाहर आया था। इसके बाद वह गगन नाथ के पास जमीन से संबंधित विवाद को लेकर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया।घटना के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने गगन नाथ से रिवाल्वर और कारतूस छीन लिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हथियार को अपने कब्जे में लिया और फायरिंग के आरोपी को हिरासत में ले लिया। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फायरिंग करने वाले गगन नाथ को पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे