एक लाख 80 हजार आय वाले परिवार की महिला काे मिलेगी ‘लाडो लक्ष्मी’
-हरियाणा सरकार आवेदन के लिए जल्द खोलेगी पोर्टल
चंडीगढ़, 07 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए शुरू की है। इस योजना का लाभ लेने के लिए पहले परिवार की अधिकतम आय एक लाख रुपये होने की शर्त थी जिसे अब बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल सके।
नायब सिंह सैनी ने बताया कि चुनाव से पहले उनके द्वारा लिए गए 217 संकल्पों में यह एक संकल्प भी शामिल था कि सरकार बनते ही गरीब परिवारों की माताओं-बहनों को प्रतिमाह 2100 रुपये की आर्थिक मदद शुरू की जाएंगी। सरकार बनने के बाद पहले ही बजट में उन्होंने इस योजना के लिए 5000 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया और एक लाख रुपये प्रतिवर्ष आमदनी वाले परिवारों की माताओं-बहनों को 2100 रुपये देने शुरू किए।
इस समय प्रदेश की लगभग 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में इस योजना के तहत 2000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भिजवाई जा चुकी है। इतना ही नहीं, सरकार ने अपने दूसरे बजट में इस योजना के तहत 6500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब सरकार ने निर्णय लिया है कि इस योजना में 1.80 लाख रुपये सालाना आमदनी वाले परिवारों की माताओं-बहनों को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोला जाएगा। उन्होंने पात्र महिलाओं से आह्वान किया कि वे दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का पोर्टल खुलने के बाद अपना पंजीकरण करवाकर प्रतिमाह 2100 रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त करें। आय सीमा में विस्तार से बड़ी संख्या में अतिरिक्त महिलाओं के योजना से जुडऩे का मार्ग प्रशस्त होगा। मुख्यमंत्री ने कहा दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने वाली योजना नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की महिलाओं के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का माध्यम भी है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को सहायता का लाभ सीधे तौर पर मिले। किसी भी परिवार की आर्थिक मजबूती में महिला की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

