home page

हांसी-बरवाला रोड पर बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत, बाइक सवार फरार

 | 
हांसी-बरवाला रोड पर बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत, बाइक सवार फरार


भाटला-चैनत के बीच गंगा भट्ठा उद्योग के पास हादसा

छोटे भाई के साथ सड़क पार करते समय बाइक ने मारी

टक्कर

हांसी, 13 नवंबर (हि.स.)। हांसी-बरवाला रोड पर

भाटला और चैनत गांव के बीच गंगा भट्ठा उद्योग के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से

30 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने छोटे भाई के साथ सड़क

पार कर दुकान से सामान लेने जा रहा था। बाइक पर दो से तीन युवक सवार बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद वे मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के

गांव पनमई निवासी भूरा के रूप में हुई है। वह पिछले दो वर्षों से अपने परिवार के साथ

गंगा भट्ठा उद्योग में मजदूरी कर रहा था। परिजनों ने बताया कि करीब दस दिन पहले ही

वह गांव से वापस लौटा था। भूरा के छोटे भाई ने शुक्रवार काे बताया कि वे दोनों

सामान लेने के लिए दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हांसी-बरवाला रोड पार करते समय

दो से तीन युवकों से भरी बाइक ने भूरा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसके

सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं। राहगीर उसे तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल लेकर

पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भूरा सात भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। हादसे

की सूचना मिलने पर भाटला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी

ली। पुलिस ने शव को सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों

को सौंप दिया गया। पुलिस फरार बाइक सवारों की पहचान करने के साथ हादसे के कारणों की

जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर