home page

सोनीपत: मोटरसाइकिल की टक्कर से मजदूर की मौत, मामला दर्ज

 | 

सोनीपत, 23 जून (हि.स.)। सोनीपत

के गन्नौर क्षेत्र में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना सोमवार की रात

करीब गांव चटिया औलिया स्थित पावर हाउस के पास पुरखास रोड पर हुई। पुलिस ने मोटरसाइकिल

चालक के खिलाफ मंगलवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस

को दी शिकायत में उदेशीपुर निवासी सोनू ने बताया कि वह अपने भाई वजीर के साथ सोनीपत

से मजदूरी कर घर लौट रहा था। वजीर अपनी विक्की (मोपेड) पर आगे चल रहा था, जबकि सोनू

अपनी मोटरसाइकिल पर उसके पीछे आ रहा था। जब वजीर

गांव चटिया औलिया के पास पुरखास रोड पर पहुंचा तो गांव पांची जाटान की ओर से आ रही

एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसकी विक्की को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वजीर

सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट लगी।

हादसे के बाद मोटरसाइकिल चालक मौके

से फरार हो गया। सोनू ने तुरंत वजीर को संभाला, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके

पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम

के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। गन्नौर थाना पुलिस ने सोनू की शिकायत पर अज्ञात मोटरसाइकिल

चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र से सुराग जुटाने में

लगी है और मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना