कुरुक्षेत्र में मकान की छत गिरने से दंपति की मौत
चंडीगढ़, 04 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भारी बारिश के चलते एक मकान की छत गिरने से दंपति की मौत हो गई। हादसे का पता मंगलवार की सुबह उस समय चला जब उनका बेटा चाय लेकर कमरे में पहुंचा। उसने देखा कि पूरा लेंटर गिरा हुआ है और उसके माता-पिता मलबे के नीचे दबे हैं।ग्रामीण तथा पुलिस बल मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।कुरुक्षेत्र पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मृतकों की पहचान करनेल सिंह (50) और उनकी पत्नी जसविंद्र कौर (45) के रूप में हुई है, जोकि खेती की जमीन ठेके पर लेकर अपना गुजर बसर करते थे। उनके तीन बच्चे हैं।
पुलिस के अनुसार करनेल सिंह और जसिवंद्र कौर खेत के पास बने बाड़े में सोया करते थे। रोजाना की तरह मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उनका बेटा अपने माता-पिता के लिए चाय लेकर कमरे में पहुंचा। वहां पूरा लेंटर जमीन पर गिरा हुआ था और माता-पिता मलबे के नीचे दबे हुए थे। बेटे के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
ग्रामीणों ने हथौड़े और कटर की मदद से कंक्रीट के लेंटर को काटा। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद करनेल सिंह और जसविंद्र कौर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद एंबुलेंस से दोनों के शव अस्पताल पहुंचाए गए। बताया जा रहा है कि जिस कमरे में दोनों सो रहे थे, उसकी पिछली दीवार सीधे खेत की तरफ थी। लगातार बारिश के कारण मिट्टी कमजोर हो गई और दीवार नीचे धंस गई, जिस कारण यह हादसा हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

