कुरूक्षेत्र में दिन दहाड़े किसान की तेजधार हथियार से हत्या
चंडीगढ़, 22 फ़रवरी (हि.स.)। कुरुक्षेत्र में रविवार को कुछ युवकों ने भाजपा नेता के ताऊ की तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय लाभ सिंह निवासी जोगनाखेड़ा के रूप में हुई है। भाजपा नेता जगबीर जोगनाखेड़ा के ताऊ थे।
रविवार दोपहर को किसी बात को लेकर लाभ सिंह की पड़ोसियों के बीच कहासुनी हुई थी। इस कहासुनी के बाद विवाद ज्यादा बढ़ गया था। आसपास के लोगों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया था। इसके बाद लाभ सिंह अपने खेतों में चारपाई पर लेटकर आराम कर रहा था। खेत में ही आरोपियों ने उनके सिर पर गंडासी से हमला कर दिया। उन्होंने बचकर भागने की कोशिश भी की, लेकिन हमलावर उनके पीछे दौड़ पड़े। भागते वक्त लाभ सिंह नीचे भी गिर गए थे।
हमले के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ लाभ सिंह को उठाकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल भिजवाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

