home page

कुरुक्षेत्र को मिला 27.9 किलोमीटर लंबा बाईपास, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

 | 

-मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री व नितिन गडकरी का जताया आभार

चंडीगढ़, 30 मई (हि.स.)। केंद्र सरकार ने कुरुक्षेत्र में प्रस्तावित 27.9 किलोमीटर लंबे बाईपास निर्माण को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि केंद्र सरकार ने कुरुक्षेत्र के नागरिकों को बाईपास देकर एक जीवन रेखा की सौगात देने का काम किया है। कुरुक्षेत्र के लिए यह बाईपास नहीं बल्कि सडक़ मार्ग के रूप में बहुत बड़ी राहत है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र को 27.9 किलोमीटर लंबी बाईपास परियोजना की सौगात मिली है। यह बाईपास कुरुक्षेत्र के दक्षिणी भाग से होकर निकाला जाएगा जो कुरुक्षेत्र पिहोवा मार्ग पर ज्योतिसर के पास इंदबरी से शुरू होकर स्टेट हाईवे नंबर 6, एमडीआर-119, किरमच रोड, अमीन रोड व नेशनल हाईवे -44 को जोड़ता हुआ गांव मथाना (स्टेट हाईवे-6) पर समाप्त होगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बाईपास परियोजना से ना केवल पिपली चौक पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि कुरुक्षेत्र शहर को जाम से स्थायी राहत मिलेगी। इस परियोजना के पूरा होने पर दिल्ली-यमुनानगर-हरिद्वार समेत पंजाब व कैथल की ओर यातायात और भी आसान व सुरक्षित हो जाएगा। ब्रह्मसरोवर, ज्योतिसर एवं अन्य धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होने से कुरूक्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, निवेश व रोजगार को नई गति मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा