सोनीपत: केएमपी टोल पर जाम लगा तो फ्री होंगी टोल लेन, अधिकारियों को निर्देश
सोनीपत, 20 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत केएमपी टोल प्लाजा पर जाम लगने की स्थिति में वाहन
चालकों को राहत देने के लिए टोल लेन फ्री करवाई जाएंगी। अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा
ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक में एचएसआईआईडीसी
के अधिकारियों को यह निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि टोल पर वाहनों की लंबी कतार लगने
से आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि टोल संचालकों को नोटिस
जारी कर जाम की स्थिति में टोल लेन फ्री रखने के निर्देश दिए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों
से निगरानी के साथ कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। टोल लेन बढ़ाने का सुझाव भी
बैठक में रखा गया।
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े 30 एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा
हुई। एनएच-44 पर बनाए जा रहे फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण 30 दिसंबर तक पूरा करने
का लक्ष्य रखा गया है। एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि करीब 45 प्रतिशत काम पूरा हो
चुका है और फैब्रिकेशन का काम तैयार है। इसे जल्द स्थापित किया जाएगा। एफओबी में लिफ्ट
की सुविधा भी होगी और इसकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे गार्ड तैनात रहेगा।
एडीसी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को
हटाने के निर्देश दिए। इसके लिए समस्या वाले स्थानों पर टोइंग वाहन तैनात करने और नियम
तोड़ने वाले चालकों के चालान करवाने को कहा। इसकी शुरुआत कुंडली बॉर्डर से की जाएगी।
केजीपी टोल संचालकों को एंबुलेंस का जीपीएस डाटा संबंधित जिला अधिकारियों के साथ साझा
करने के निर्देश भी दिए गए। कोहरे के मौसम को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सड़कों
पर सफेद पट्टियां बनवाने और मंडियों व मिलों में आने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर
टेप लगाने को कहा गया, ताकि रात और धुंध में वाहन दिखाई दे सकें।
महाराणा प्रताप चौक से ट्रक यूनियन रोड तक ड्रेन के पानी की
निकासी से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी मौके का निरीक्षण
कर रिपोर्ट देगी। बैठक में अक्टूबर माह के यातायात चालानों की जानकारी भी दी गई। ट्रैफिक
पुलिस ने ओवरस्पीड के 705, बिना हेलमेट के 585, बिना सीट बेल्ट के 384, मोबाइल फोन
पर बात करते हुए वाहन चलाने के 19, शराब पीकर वाहन चलाने के 7, नाबालिगों के वाहन चलाने
के 6, गलत दिशा में वाहन चलाने के 872 और काली फिल्म के 815 चालान किए।
आरटीए विभाग
ने भी 245 चालान किए। सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत अक्टूबर में 60 स्कूल बसों
की जांच की गई, जिनमें कमियां मिलने पर 12 के चालान किए गए। एडीसी ने नियमित जांच के
निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। म्हारी सड़क पोर्टल
पर मिली शिकायतों का भी समय पर समाधान करने को कहा गया।
बैठक में एसडीएम सुभाष चंद्र, एसीपी नरेश, मोटर व्हीकल अधिकारी
सचिन ढुल, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन प्रशांत कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद
रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

