हिसार : दीपावली पर बाजारों में सुरक्षा का घेरा, सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
एसपी सिद्धांत जैन ने थाना प्रभारियों को दिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने
के निर्देश
हिसार, 07 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और त्योहार
की रौनक के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अलर्ट हो गई है। जिले के प्रमुख
बाजारों, व्यस्त मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया
है। पुलिसकर्मी पैदल गश्त के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे, वहीं सादे कपड़ों
में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि जेबकतरों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी
रखी जा सके। पुलिस ने साफ किया है कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग, झगड़ा या कानून व्यवस्था
बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शनिवार काे सभी थाना प्रभारियों और पर्यवेक्षण अधिकारियों
को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए
हैं। बाजारों, मुख्य चौराहों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता
बरतने को कहा गया है। पुलिस टीमें अस्थायी नाकाबंदी, पैदल गश्त और वाहनों की पार्किंग
व्यवस्था पर भी नजर रखेंगी। एसपी ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में किसी भी स्तर पर
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई
की जाए।
पटाखे चलाते समय बरतें सावधानी, बच्चों को अकेला न छोड़ें
एसपी सिद्धांत जैन ने दीपावली के अवसर पर हिसारवासियों को शुभकामनाएं देते
हुए सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि
दीपावली प्रकाश, उल्लास और आपसी भाईचारे का पर्व है। इसकी खुशियों के बीच अपनी और दूसरों
की सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। पटाखों का प्रयोग निर्धारित नियमों के अनुसार
करें और बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें। आतिशबाजी खुले स्थान पर करें तथा दुकानों,
वाहनों, बिजली की तारों और ज्वलनशील वस्तुओं के नजदीक पटाखे जलाने से बचें। एहतियात
के तौर पर पानी और रेत की व्यवस्था भी रखें।
नशे में वाहन चलाया तो होगी कार्रवाई
त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात
नियमों की पालना करने की भी अपील की है। वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े
करें, ताकि बाजारों में जाम की स्थिति न बने। तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाने और
स्टंटबाजी से बचें। एसपी ने चेतावनी दी कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ
सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभिभावक भी नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति
न दें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

