करनाल में पांच हजार रिश्वत लेते नगर निगम का क्लर्क गिरफ्तार
-प्रॉपर्टी आईडी में श्रेणी संबंधी सुधार करने के एवज में मांगी थी रिश्वत
चंडीगढ़, 29 सितंबर (हि.स.)। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने करनाल में कार्रवाई करते हुए नगर निगम करनाल की टैक्स शाखा में तैनात क्लर्क गौरव को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी टीम ने रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है।शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसके पिता धर्मबीर एवं माता परमजीत कौर, जो उक्त मकान के मालिक हैं, की प्रॉपर्टी आईडी में श्रेणी संबंधी सुधार करवाना है। इसके लिए शिकायतकर्ता द्वारा नगर निगम करनाल के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सुधार के लिए आवेदन किया गया था। आरोप है कि नगर निगम करनाल की टैक्स शाखा में तैनात क्लर्क गौरव द्वारा उक्त सुधार करने के एवज में शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई।
शिकायत प्राप्त होने के बाद एसीबी करनाल की टीम ने शिकायत का नियमानुसार सत्यापन करते हुए ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी क्लर्क गौरव को करनाल स्थित नए बस स्टैंड परिसर में शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत की राशि मौके से बरामद कर ली गई। यह पूरी कार्रवाई राजपत्रित अधिकारी एवं शैडो गवाह की मौजूदगी में की गई। यह ट्रैप कार्रवाई, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल की टीम द्वारा की गई। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी संख्या 26, दिनांक 29 सितंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच नियमानुसार अमल में लाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

