home page

करनाल जिले के कोहंड गांव का होगा ड्रोन सर्वे

 | 

चंडीगढ़, 02 मई (हि.स.)। हरियाणा में पहली बार भूमि उपयोग (ईएलयू यानी एग्जिस्टिंग लैंड यूज) प्लान तैयार किया जाएगा। इसके लिए करनाल जिले के गांव कोहंड में ज़मीन का ड्रोन सर्वे कराया जाएगा। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने इसके लिए एजेंसियों से आवेदन मांगे हैं। इसके तहत करीब 1122.60 हेक्टेयर क्षेत्र का विस्तृत सर्वे कर वर्तमान भूमि उपयोग (ईएलयू यानी एग्जिस्टिंग लैंड यूज) प्लान तैयार किया जाएगा।

एजेंसी को ड्रोन के जरिए पूरे क्षेत्र का एरियल सर्वे करना होगा और जीआईएस व ऑटो-कैड प्लेटफॉर्म पर विस्तृत लैंड यूज़ प्लान तैयार करना होगा। इसमें सडक़ों, रेलवे लाइन, बिजली लाइनों, भवनों, पानी के स्रोतों, सरकारी जमीन व अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर की सटीक मैपिंग शामिल होगी। सर्वे में पक्की-कच्ची सडक़ें, नहरें, नाले, तालाब, पेड़-पौधे, बाउंड्री वॉल, बिजली के पोल, पाइपलाइन जैसी सभी भौतिक संरचनाओं को चिह्नित किया जाएगा।

चयनित एजेंसी को वर्क ऑर्डर मिलने के दाे दिन के भीतर काम शुरू करना होगा और पूरा सर्वे एक महीने के अंदर खत्म करना अनिवार्य होगा। अगर एजेंसी तय समय में काम पूरा नहीं करती, तो उस पर 5 से 15 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया जा सकता है। 60 दिन से अधिक देरी होने पर कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है। इस ड्रोन सर्वे से गांव कोहंड की ज़मीन और संसाधनों का सटीक डेटा मिलेगा, जिससे भविष्य में शहरी योजना, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और निवेश की संभावनाएं और मजबूत होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा