home page

नारनाैल के कनीना वार्ड-14 उपचुनाव में सुरेन्द्र की 215 मतों से जीत

 | 
नारनाैल के कनीना वार्ड-14 उपचुनाव में सुरेन्द्र की 215 मतों से जीत


नारनाैल, 13 मई (हि.स.)। हरियाणा के महेन्द्रगढ़ जिले में नगरपालिका कनीना के वार्ड संख्या-14 के उपचुनाव में सुरेन्द्र ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनूप यादव को 215 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की है।

मतगणना बुधवार को नारनाैल नगर में स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कनीना स्थित काउंटिंग सेंटर में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते पूरी प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक पूरी हुई।

उपमंडल अधिकारी (ना.) कनीना एवं रिटर्निंग अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह के निर्देशन में मतगणना कार्य चुनाव आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कराया गया। मतगणना के दौरान प्रत्याशियों एवं उनके एजेंटों की मौजूदगी में प्रत्येक चरण की पारदर्शिता सुनिश्चित की गई।

घोषित परिणामों के अनुसार, सुरेन्द्र को कुल 321 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी अनूप यादव को 106 वोट मिले। इस प्रकार सुरेन्द्र ने 215 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। इसके अलावा अशोक कुमार को 69 मत, बलजीत को 60 मत, बलजीत राज को 24 मत तथा प्रदीप यादव को चार मत प्राप्त हुए। वहीं छह मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सुरेन्द्र समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। विजयी उम्मीदवार ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड के विकास, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान को उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी वर्गों को साथ लेकर विकास कार्य कराने का भरोसा भी दिलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला