home page

पुलिस का नशा विरोधी अभियान: 4 तस्करों को पकड़ा, एक भगौड़ा भी गिरफ्तार

 | 
पुलिस का नशा विरोधी अभियान: 4 तस्करों को पकड़ा, एक भगौड़ा भी गिरफ्तार


कैथल, 09 अप्रैल (हि.स.)। नशा व शराब तस्करों पर अंकुश लगाने के लिए कैथल पुलिस ने गुरुवार सुबह विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सर्च अभियान चलाया। इस दौरान थाना कलायत, पूंडरी व राजौंद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक वर्ष 2020 के लड़ाई-झगड़े मामले का भगौड़ा भी शामिल है।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ इंचार्ज एसआई मुकेश कुमार व थाना कलायत की टीम ने कलायत की सैंसी बस्ती तथा गांव कैलरम और मटौर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। वहीं एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार, थाना राजौंद प्रभारी एसआई सतपाल की टीमों ने गांव मंडवाल और पूंडरी के गांव भाणा में संदिग्ध नशा व शराब तस्करों के ठिकानों पर छापेमारी की।

अभियान के दौरान घरों व अन्य संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली गई, ताकि कहीं मादक पदार्थ छिपाकर न रखा गया हो या कोई अपराधी अवैध रूप से रह न रहा हो। इस कार्रवाई में गांव मटौर से आरोपी प्रदीप को 10 बोतल हथकढ़ी शराब व 750 लीटर लाहण सहित गिरफ्तार किया गया। वहीं इसी गांव से धर्मपाल को 10.25 बोतल हथकढ़ी शराब व 20 लीटर लाहण सहित काबू किया गया।

तीसरे मामले में गांव भाणा से आरोपी महिपाल को 144 बोतल देशी शराब सहित गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा कलायत की सैंसी बस्ती से आरोपी राकेश को भी गिरफ्तार किया गया, जो वर्ष 2020 के एक लड़ाई-झगड़े के मामले में बेल जंप कर फरार चल रहा था और अदालत द्वारा पीओ घोषित किया गया था।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और नशा व अपराध से जुड़े लोगों में भय पैदा करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य कैथल जिले को नशा मुक्त बनाना है और इसके लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को नशा तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही लोगों को नशे से दूर रहने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

एसपी ने कहा कि नशा तस्करों द्वारा अर्जित अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर उसे अटैच किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की असली जगह जेल है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे