home page

कैथल: पुलिसकर्मियों की फिटनेस के लिए खुला जिम, सांसद ने किया उद्घाटन

 | 
कैथल: पुलिसकर्मियों की फिटनेस के लिए खुला जिम, सांसद ने किया उद्घाटन


कैथल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। दिन-रात कानून व्यवस्था संभालने और लोगों की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मियों को अब अपनी फिटनेस के लिए पुलिस लाइन में ही बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। यहां अत्याधुनिक जिम स्थापित किया गया है, जिसका शनिवार को सांसद नवीन जिंदल ने उद्घाटन किया। जिम के लिए नवीन जिंदल फाउंडेशन की ओर से आधुनिक व्यायाम मशीनों सहित पूरा सामान उपलब्ध करवाया गया है।

उद्घाटन समारोह में सांसद नवीन जिंदल का पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने स्वागत किया। इस मौके पर पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, डीएसपी सुशील प्रकाश, एसडीएम संजय कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिम की स्थापना में रविंद्र धीमान का भी विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी काफी चुनौतीपूर्ण होती है। उन्हें कई बार लगातार घंटों ड्यूटी करनी पड़ती है। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। नियमित व्यायाम से न केवल शरीर मजबूत रहता है, बल्कि कार्यक्षमता और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। पुलिस लाइन में जिम की सुविधा शुरू होने से कर्मचारियों को अपनी फिटनेस बनाए रखने में मदद मिलेगी।

पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना जरूरी : एसपी

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने नवीन जिंदल फाउंडेशन का आभार जताते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और फिटनेस को प्राथमिकता देना आवश्यक है। पुलिस लाइन में आधुनिक जिम की सुविधा मिलने से कर्मचारियों को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरणा मिलेगी। इससे वे अपनी व्यस्त ड्यूटी के बीच भी स्वास्थ्य का ध्यान रख सकेंगे। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे पुलिस विभाग में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे