कैथल पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 04 नवंबर (हि.स.)। पुलिस की विभिन्न टीमों ने चार अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 125.08 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक किलो 210 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि पहले मामले में एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार की अगुवाई में एसआई जसबीर सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव माघो माजरी स्थित श्मशान घाट के पास कार्रवाई करते हुए गोविन्दा उर्फ काला निवासी सिरटा रोड, कैथल को काबू किया।
मौके पर पहुंचे डीएसपी बीर भान की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक पॉलीथिन में 100.56 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। दूसरे मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी पीएसआई संदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई राजीव की टीम ने गांव पाई से सिसमौर रोड पर कार्रवाई करते हुए सागर निवासी गांव पाई को गिरफ्तार किया। डीएसपी रमेश चंद्र की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 14 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया।
तीसरे मामले में सीआईए गुहला प्रभारी पीएसआई रवि के नेतृत्व में एएसआई राकेश की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर खरौदी रोड, गुहला पर कार्रवाई करते हुए बादल निवासी बलबेड़ा रोड, चीका को काबू किया। मौके पर पहुंचे एईटीओ जतिन कुमार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 10.52 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने थाना गुहला में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
चौथे मामले में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई बलराज सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-18 कैथल के कट के पास कार्रवाई करते हुए अनिल कुमार उर्फ बोबी निवासी गांव प्यौदा, हाल किरायेदार सीवन को काबू किया। एईटीओ जतिन कुमार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक पॉलीथिन में 1 किलो 210 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी रमेश चंद्र ने कहा कि कैथल पुलिस का नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखना और समाज को नशामुक्त बनाना पुलिस की प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

