home page

कैथल: सड़क हादसे में पूर्व विधायक भगतराम के दो पड़पोतों समेत तीन की मौत

 | 
कैथल: सड़क हादसे में पूर्व विधायक भगतराम के दो पड़पोतों समेत तीन की मौत


कैथल: सड़क हादसे में पूर्व विधायक भगतराम के दो पड़पोतों समेत तीन की मौत


कैथल: सड़क हादसे में पूर्व विधायक भगतराम के दो पड़पोतों समेत तीन की मौत


कैथल: सड़क हादसे में पूर्व विधायक भगतराम के दो पड़पोतों समेत तीन की मौत


कैथल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। करनाल रोड पर गांव नरड़ के बस स्टॉप के पास गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में पूर्व विधायक स्वर्गीय भगतराम के दो पड़पोतों समेत तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों कार में सवार होकर करनाल से कैथल लौट रहे थे। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका अगला हिस्सा टूटकर अलग हो गया। टक्कर के बाद गाड़ी के टायर तक निकलकर दूर जा गिरे। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार की बॉडी कटवाकर शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान कैथल के खुराना रोड निवासी सगे भाई रक्षत (27) और अभिषेक (29) तथा उनके पड़ोस में रहने वाले कृष्ण (38) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों किसी काम से कार में करनाल गए थे। गुरुवार रात वापस लौटते समय जब वे गांव नरड़ के बस स्टॉप के पास पहुंचे तो उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा किस वजह से हुआ, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए कार के पेड़ से टकराने की आशंका जताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के पुर्जे बिखर गए। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह टूटकर अलग हो गया था। गाड़ी के टायर कई फीट दूर पड़े मिले, जबकि सीट और डैशबोर्ड तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कार की हालत देखकर टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हादसे में जान गंवाने वाले रक्षत और अभिषेक सगे भाई थे। दोनों शादीशुदा थे। रक्षत का एक बेटा भी है। उनके पिता अशोक कुमार पास की एक कंपनी में काम करते हैं, जबकि दोनों भाई नगर परिषद में कार्यरत थे। परिवार के दो जवान बेटों की एक साथ मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मां काे कैंसर है। हादसे की सूचना मिलने के बाद रिश्तेदारों, परिचितों और ग्रामीणों का परिवार को सांत्वना देने के लिए घर पहुंचना जारी रहा।हादसे में जान गंवाने वाले रक्षत और अभिषेक पूर्व विधायक स्वर्गीय भगतराम के पड़पौते थे। भगतराम को भगतू राम के नाम से भी जाना जाता था। वे वर्ष 1968 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के टिकट पर कलायत विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक चुने गए थे। इसके बाद वर्ष 1972 में कांग्रेस (संगठन) के टिकट पर दूसरी बार विधानसभा पहुंचे थे। कैथल के डीएसपी रोहताश का कहना है कि हादसे के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे