home page

कैथल: हेरोइन के साथ पंजाब के तीन युवक गिरफ्तार

 | 
कैथल: हेरोइन के साथ पंजाब के तीन युवक गिरफ्तार


कैथल, 14 अगस्त (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक सैल ने 264 ग्राम हेरोइन के साथ पंजाब के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त कर ली है।

डीएसपी रमेश चंद्र के अनुसार एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एसआई जय भगवान की टीम सीवन बाईपास पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि स्कॉर्पियो में सवार तीन युवक हेरोइन लेकर चीका की तरफ से कैथल के अंबाला रोड की ओर आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने अंबाला रोड पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद बताए गए नंबर की स्कॉर्पियो वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे रोक लिया और तीनों युवकों को काबू कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन जिले के गांव मालू वाला निवासी विशाल, गांव मुसे खुर्द वाला निवासी अजयदीप और हरप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार डीएसपी रमेश चंद्र की मौजूदगी में गाड़ी की तलाशी ली गई। इस दौरान आगे की दोनों सीटों के बीच बने बॉक्स से काले रंग की पॉलीथिन में रखी पारदर्शी पन्नी बरामद हुई, जिसमें 264 ग्राम हेरोइन थी।

मामले में थाना शहर कैथल में दर्ज किया गया है। एएसआई जगभान सिंह ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। पूछताछ के दौरान नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे