कैथल: दुष्कर्म केस में समझौते के नाम पर तीन लाख लेने का आरोप, महिला समेत तीन गिरफ्तार
कैथल, 19 सितंबर (हि.स.)। दुष्कर्म के एक मामले को समझौते के जरिए खत्म कराने के नाम पर तीन लाख रुपये लेने के आरोप में कैथल पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पप्पू, मटौर निवासी कृष्ण और मोनिका के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसमें कथित तौर पर धमकी और बातचीत से जुड़ी रिकॉर्डिंग मौजूद हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामले की शुरुआत 31 दिसंबर 2025 को हुई थी। उस दिन मोनिका ने सिविल लाइन थाना में अनिल के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। शिकायत के बाद पुलिस ने अनिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच के दौरान सामने आया कि जेल में बंद अनिल की मुलाकात हत्या के एक मामले में बंद पप्पू से हुई थी। आरोप है कि पप्पू ने अनिल से उसके खिलाफ चल रहे दुष्कर्म के मामले को पैसों के बदले निपटाने की बात कही। बाद में जमानत पर बाहर आने के बाद पप्पू ने मटौर निवासी कृष्ण के जरिए अनिल पक्ष से बातचीत शुरू की।
बताया जा रहा है कि कृष्ण की मोनिका के साथ रिश्तेदारी है। इसी के चलते वह मोनिका की ओर से अनिल पक्ष से पैसों को लेकर बातचीत कर रहा था। पुलिस का कहना है कि इस दौरान पप्पू ने कृष्ण के साथ हुई बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी। आरोप है कि इसी रिकॉर्डिंग के आधार पर वह पुलिस कर्मचारियों को विजिलेंस के जरिए फंसाने की योजना भी बना रहा था।
पांच लाख से शुरू हुई मांग, तीन लाख पर सौदा
पुलिस के अनुसार, मामले को खत्म कराने के लिए पहले पांच लाख रुपये की मांग की गई थी। बाद में बातचीत के बाद रकम तीन लाख रुपये तय हुई। शिकायत के मुताबिक, 15 सितंबर को कैथल कोर्ट परिसर में तीन लाख रुपये का लेन-देन हुआ। आरोप है कि पप्पू ने रकम अपने पास रख ली और मोनिका को नहीं दी। इसके बाद भी और पैसे मांगने तथा रकम नहीं देने पर अनिल को 10 साल की सजा कराने की धमकी देने का आरोप लगाया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और तीन लाख रुपये की रकम भी बरामद करने की बात कही है।
एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के अनुसार, एंटी नारकोटिक सेल, सिविल लाइन थाना की हेड कांस्टेबल सुदेश और एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी में है।
रिमांड के दौरान पुलिस कथित तीन लाख रुपये के लेन-देन, मोबाइल में मिली रिकॉर्डिंग और आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

