home page

कैथल: नशीली गोलियों से तैयार करते थे घोल, 100 रुपये में बेचते थे शीशी

 | 
कैथल: नशीली गोलियों से तैयार करते थे घोल, 100 रुपये में बेचते थे शीशी


कैथल, 12 अगस्त (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैथल एंटी नारकोटिक सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को प्रतिबंधित नशीली गोलियों और नशीले घोल के साथ बुधवार काे गिरफ्तार किया है। आरोपी नशीली गोलियों को पशुओं की लिक्विड दवा में मिलाकर नशीला घोल तैयार करते थे और फिर इसे छोटी प्लास्टिक की शीशियों में भरकर नशा करने वालों को बेचते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 110 प्रतिबंधित नशीली गोलियां, 641 ग्राम नशीला घोल, 13 खाली छोटी शीशियां और 3 सिरिंज बरामद की हैं। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त किया है। डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम रात के समय गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि पेहवा निवासी प्रीत और अंकुश कैथल में नशीली गोलियों से घोल तैयार कर उसकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव ग्योंग की ओर जाने वाले रास्ते पर रेलवे लाइन के पास दबिश दी।मौके पर पुलिस ने एक बाइक पर बैठे दोनों युवकों को पकड़ लिया। डीएसपी रमेश चंद्र की मौजूदगी में तलाशी लेने पर प्रीत के पास से ऐडनोक बुप्रेनोरफिन की 110 गोलियां बरामद हुईं। वहीं अंकुश के कब्जे से 641 ग्राम नशीला घोल, 13 खाली शीशियां और तीन सिरिंज मिलीं।पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे नशीली गोलियों को पशुओं की दवाई में मिलाकर एक बड़ी बोतल में घोल तैयार करते थे। इसके बाद इसे छोटी शीशियों में भरकर नशा करने वालों को 100 रुपये प्रति शीशी और सिरिंज के हिसाब से बेचते थे। पुलिस के अनुसार ड्रग कंट्रोल अधिकारी ने बरामद गोलियों को प्रतिबंधित बताते हुए इन्हें एनडीपीएस एक्ट के दायरे में आने की पुष्टि की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे