home page

जस्टिस त्रिभुवन दहिया ने पलवल न्यायिक परिसर का किया निरीक्षण, ई-सेवा व विटनेस सेंटर का लोकार्पण

 | 
जस्टिस त्रिभुवन दहिया ने पलवल न्यायिक परिसर का किया निरीक्षण, ई-सेवा व विटनेस सेंटर का लोकार्पण


पलवल, 20 मार्च (हि.स.)। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस त्रिभुवन दहिया ने शुक्रवार को जिला न्यायिक परिसर पलवल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वल्नरेबल विटनेस डिपोजिशन्स सेंटर तथा ई-सेवा केंद्र का लोकार्पण कर न्यायिक सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।

जिला न्यायिक परिसर पहुंचने पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राज गुप्ता के नेतृत्व में जस्टिस दहिया का स्वागत किया गया। इससे पूर्व पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने उनका अभिनंदन किया। निरीक्षण के दौरान जस्टिस दहिया ने नव स्थापित वल्नरेबल विटनेस डिपोजिशन्स सेंटर की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ई-सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र के माध्यम से केस की स्थिति, अगली तारीख की जानकारी, याचिकाओं की ई-फाइलिंग, ई-सिग्नेचर, स्कैनिंग तथा सीआईएस में अपलोडिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही लंबित ट्रैफिक चालानों की जानकारी भी यहां से प्राप्त की जा सकेगी।

जस्टिस दहिया ने कोर्ट परिसर में विभिन्न न्यायालयों का निरीक्षण कर न्यायिक अधिकारियों से संवाद किया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जस्टिस दहिया ने जिला कारागार का भी दौरा किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग