पानीपत: न्याय में देरी नहीं, हर शिकायत का होगा निष्पक्ष समाधान:रणबीर गंगवा
पानीपत, 24 जून (हि.स.)। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, लोक निर्माण विभाग तथा श्रम विभाग मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध और निष्पक्ष न्याय उपलब्ध करवाना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा जनता की शिकायतों का समाधान पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाएगा। मंत्री बुधवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कुल 13 जन शिकायतों की सुनवाई की गई, जिनमें से सात शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि छह शिकायतों को आगामी बैठक के लिए लंबित रखा गया।
बैठक में पहली शिकायत गुलशन तलवाड़ द्वारा रखी गई, जो पिछली बैठक से लंबित थी। मामले की सुनवाई के बाद इसे अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। दूसरी शिकायत रणधीर सिंह, निवासी अनाज मंडी समालखा की थी, जो बैंक से संबंधित लंबित मामला था। सुनवाई के बाद शिकायत का समाधान कर दिया गया।
तीसरी शिकायत मयंक मित्तल, गांव भैंसवाल की थी। पुलिस विभाग से संबंधित थी, सुनवाई के बाद शिकायत को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। चौथी शिकायत जगदीश पाल, निवासी सेक्टर-18, हुड्डा की थी। मामले को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। पांचवीं शिकायत प्रदीप, निवासी हथवाला की थी,जिस पर सुनवाई के बाद इसका बैठक में निपटारा किया गया। छठी शिकायत सुरेश वर्मा, परशुराम कॉलोनी की थी। पुलिस विभाग से जुड़े इस भूमि विवाद संबंधी मामले में शिकायतकर्ता द्वारा न्याय दिलाने की मांग की गई थी। सुनवाई के बाद मामले का समाधान कर दिया गया।
सातवीं शिकायत राजवीर सिंह, निवासी गांव जयधरी, जिला यमुनानगर की थी। यह प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा मामला था। दूसरे पक्ष के अनुपस्थित रहने के कारण शिकायत को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। आठवीं शिकायत रविंद्र कुमार, निवासी सेक्टर-12, हुड्डा द्वारा प्रस्तुत की गई। सुनवाई के बाद मामले को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। नौवीं शिकायत लाजवंती, निवासी बिशन स्वरूप कॉलोनी की थी। इस अवसर पर शहरी विधायक प्रमोद विज, जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, निगम आयुक्त डॉ. पंकज, एडीसी अंकित चौकसे, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

