हरियाणा में जुलाई को डेंगू रोधी महीने के रूप में मनाया जाएगा
-प्रदेश में 27 डेंगू जांच प्रयोगशालाएं एक्टिव
चंडीगढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा में मानसून की दस्तक के साथ ही स्वास्थ्य विभाग डेंगू के खिलाफ पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेश की जनता को सचेत रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। स्वास्थ्य मंत्री ने आओ मिलकर डेंगू रोकें का नारा देते हुए राज्य के नागरिकों से अपील की है कि वे जुलाई महीने को ‘डेंगू रोधी महीने’ के रूप में मनाएं और अपने आस-पास पानी जमा न होने दें।
स्वास्थ्य मंत्री ने जनता से अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और पानी ठहरेगा जहां - मच्छर पनपेगा वहां की बात को गंभीरता से लेने का आग्रह किया है। स्वास्थ्य मंत्री ने हरियाणा सरकार की ओर से राज्य के नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के प्रत्येक जिले के नागरिक अस्पताल में प्लेटलेट्स की सुविधा पूरी तरह से मुफ्त उपलब्ध करवाई गई है। इसके अतिरिक्त, राज्य के प्रत्येक जिले के नागरिक अस्पतालों में कुल 27 सरकारी डेंगू जांच प्रयोगशालाएं क्रियाशील हैं, जहां डेंगू की जांच पूरी तरह नि:शुल्क की जा रही है। निजी क्षेत्र पर नियंत्रण की बात करते हुए उन्होंने साफ किया कि सभी प्राइवेट लैब को एलाइजा आधारित एनएस-1 एवं आई.जी.एम. डेंगू टेस्ट अधिकतम 600 रुपये में ही करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इन सभी सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए नागरिक अपने जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी या जिला मलेरिया अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

