home page

जींद : सरकारी नौकरी का झांसा देकर 29 लाख हड़पे, मला दर्ज

 | 
जींद : सरकारी नौकरी का झांसा देकर 29 लाख हड़पे, मला दर्ज


जींद, 07 जून (हि.स.)। उचाना थाना पुलिस ने एफसीआई सी ग्रुप तथा अन्य सरकारी विभागों में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर लगभग 29 लाख रुपये हडपने पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

उगांव मोहनगढ़ छापड़ा निवासी रामपाल समेत नौ युवक तथा युवतियों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी गांव उदयपुर निवासी हरपाल से काफी पुरानी जान-पहचान है। जुलाई 2024 में हरपाल उसे उचाना फोटोस्टेट की दुकान पर मिला और बताया कि वह गांव खरकड़ा जिला हांसी निवासी कपिल के साथ चंडीगढ़ में था। कपिल चंडीगढ़ फाइनेंस विभाग में कार्यरत है और युवाओं को एफसीआई ग्रुप सी व अन्य विभागों में सरकारी नौकरी लगवा चुका है।

हरपाल ने बताया कि कोई जान पहचान बच्चे हैं तो उन्हें नौकरी लगवा देंगे। जिसके बाद उसने कपिल से बातचीत करवाई। कुछ दिनों के बाद गांव पेटवाड़ निवासी संजय, गांव आंधली निवासी सुखचैन, गांव सिसला निवासी अंकुश को एसफसीआई गु्रप सी में सहायक लगवाने के उनके दस्तावेज, फोटो मोबाइल नंबर आरोपित को उसके शिवपुरी कालोनी स्थित आवास पर दिए।

कुछ दिनों के बाद एफसीआई की फर्जी मेल से तथा उनके मोबाइल फोन पर मैसेज आए कि उनका चयन हो गया है। जिसके नौ अगस्त 2024 को राम मनोहर लोहिया अस्पताल दिल्ली में मेडिकल करवाने के बाद उसे आरोपितों पर विश्वास हो गया। फिर आरोपितों ने विश्वविद्यालयों में खाली पड़े ड्राइवर, क्लर्क पदों पर भर्ती बारे बताया। जिस पर उसने छह अन्य अपने जानकार युवक व युवतियों को भर्ती करवाने के लिए दस्तावेज दिए। जिनके फर्जी फार्म करवाए गए। आरोपितों ने नौकरी लगवाने के नाम पर उनसे 39 लाख 95 हजार रुपये ऐंठे थे।

बाद में फर्जीवाड़ का खुलासा भी हो गया। आरोपितों ने पूरा गैंग बनाया हुआ है। जो बेरोजगारों को अपने जाल में फंसाता है। आरोपितो की तरफ 28 लाख 95 हजार रुपये बकाया रह गए। जब राशि मांगी तो जान से मारने की धमकी दी गई। रविवार को जानकारी देते हुए उचाना थाना के जांच अधिकारी सचिन ने बताया कि पुलिस ने रामपाल की शिकायत पर गांव उदयपुर निवासी हरपाल, गांव खरकड़ा निवासी कपिल, गांव कितलाना निवासी कृष्ण, तोशाम निवासी रदेश ठेकेदार के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा