हिसार समेत हरियाणा की नौ खिलाड़ी भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल
हॉकी इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए घोषित
की 22 सदस्यीय टीम
हिसार, 20 मई (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया
के आगामी दौरे के लिए जिस भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। इसमें हिसार की
तीन खिलाड़ियों सविता, दीपिका और अनु सहित हरियाणा की नौ खिलाड़ी शामिल हैं। यह दौरा
26 से 30 मई तक पर्थ में होना है। चार मैचों का यह दौरा पर्थ हॉकी स्टेडियम में खेला
जाएगा, जिसमें मैच 26, 27, 29 और 30 मई को निर्धारित हैं। यह दौरा टीम को एफआईएच हॉकी
महिला नेशंस कप के लिए तैयार करेगा, जो 15 से 21 जून तक ऑकलैंड में होना है।
हरियाणा महिला हॉकी के वरिष्ठ कोच आजाद सिंह
मलिक ने बुधवार को भारतीय टीम में हरियाणा की नौ खिलाड़ियों का चयन होने पर कहा कि हरियाणा
हॉकी के लिए यह बहुत ही सम्मान की बात है। हरियाणा महिला हॉकी देश को अच्छे खिलाड़ी
देने में अग्रणीय है। भारतीय टीम इस दौरे पर इस साल की शुरुआत में अर्जेंटीना में किए
गए शानदार प्रदर्शन के बाद जा रही है, जहां उन्होंने चार मैचों की सीरीज में दो जीत
हासिल करने के लिए जबरदस्त संघर्ष दिखाया था।
तब से, टीम साई बेंगलुरु में राष्ट्रीय शिविर में कड़ी ट्रेनिंग
कर रही है और आगे आने वाले व्यस्त अंतरराष्ट्रीय सीजन की तैयारी के लिए अपने खेल के
मुख्य पहलुओं को और बेहतर बना रही है। 2022 राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में
कांस्य पदक जीतने वाली सलीमा टेटे आगामी दौरे के लिए टीम की कप्तानी करेंगी। आगामी
दौरे के लिए गोलकीपिंग विभाग में सविता और बिचू देवी खारीबाम भरोसेमंद विकल्प होंगी।
ये होगी भारतीय महिला हॉकी टीम
भारत–ऑस्ट्रेलिया दौरे 2026 के लिए जिस 22 सदस्यीय टीम का चयन
किया गया है उसमें गोलकीपर के लिए सविता (हिसार) व बिचू देवी खारीबाम,
डिफेंडर्स में निक्की प्रधान, इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथंतलुंगी, ज्योति
(सोनीपत), शिल्पी डबास (सोनीपत), मिडफील्डर्स में सलीमा टेटे, लालरेमसियामी, नेहा
(सोनीपत), साक्षी राणा (सोनीपत), सुनेलिता टोप्पो, दीपिका सोरेंग, सोनम (शाहबाद), फॉरवर्ड
के लिए नवनीत कौर (शाहबाद), बलजीत कौर, दीपिका (हिसार), अनु (हिसार), इशिका, हिना बानो,
ऋतुजा दादासो पिसाल का चयन हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

