पालिका रोल पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को मिलेगी जॉब सिक्योरिटी
-दो हजार रुपये प्रति माह जोखिम भत्ता देने को तैयार हुई सरकार
चंडीगढ़, 06 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर स्थिति गंभीर रूप धारण कर चुकी है। सरकार द्वारा बार-बार चेताए जाने के बावजूद सफाई कर्मचारी काम पर लौटने को तैयार नहीं हैं। सरकार की तरफ से दी गई अंतिम चेतावनी का समय भी शनिवार रात पूरा हो चुका है। ऐसे में सोमवार को सफाई कर्मचारियों के विरूद्ध कठोर निर्णय लिए जाने से पहले सरकार ने उन्हें काम पर लौटने की अपील करते हुए जॉब सिक्योरिटी का आश्वासन दिया है।हरियाणा सरकार ने शनिवार रात 12 बजे तक कर्मचारियों को काम पर लौटने के लिए कहा था। इससे पहले सरकार ने कहा कि पालिका रोल पर कार्यरत सफाई कर्मियों को हरियाणा कॉन्ट्रैक्चुअल एम्प्लॉईज़ (सर्विस की सुनिश्चितता) एक्ट, 2024 के दायरे में लाने का सैद्धांतिक निर्णय लिया है। इस निर्णय से सफाई कर्मियों की सेवा 60 वर्ष की आयु तक सुरक्षित होगी और उन्हें अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमित कर्मचारियों के लगभग समान कई लाभ प्राप्त होंगे।
सरकार ने इन कर्मचारियों को 2,000 रुपये प्रति माह जोखिम भत्ता देने का भी सैद्धांतिक निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त, अधिनियम, 2024 के तहत पात्रता के अनुसार मिलने वाली राशि के अलावा 15 प्रतिशत अधिक राशि भी देने का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में प्रदेश के नगर निकायों में 13,093 पालिका रोल के सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। इन कर्मचारियों को वर्तमान में 20,590 प्रति माह की राशि दी जा रही है, जिसमें 19,000 रुपये वेतन तथा 1,590 रुपये भत्ते शामिल हैं।
हरियाणा कॉन्ट्रैक्चुअल एम्प्लॉईज़ (सर्विस की सुनिश्चितता) एक्ट, 2024 के दायरे में आने के बाद सफाई कर्मचारियों को वार्षिक महंगाई भत्ता, डेथ-कम-रिटायरमेंट ग्रेच्युटी, मातृत्व अवकाश तथा हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड के अंतर्गत एक्स-ग्रेशिया वित्तीय सहायता एवं एक्स-ग्रेशिया नियुक्ति जैसे विभिन्न लाभ भी प्राप्त होंगे। इस निर्णय के अनुसार, पालिका रोल पर 10 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत सफाई कर्मचारियों की मासिक देय राशि 25,560 रुपये हो जाएगी। इसमें 21,970 रुपये वेतन, 2,000 रुपये जोखिम भत्ता तथा 1,590 रुपये अन्य भत्ते शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

