home page

कैथल: गेहूं के एमएसपी में 25 रुपये की बढ़ोतरी से किसान नाराज, जजपा ने प्रधानमंत्री को भेजा विरोध पत्र

 | 
कैथल: गेहूं के एमएसपी में 25 रुपये की बढ़ोतरी से किसान नाराज, जजपा ने प्रधानमंत्री को भेजा विरोध पत्र


कैथल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में केवल 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को लेकर जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने केंद्र सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं। पार्टी की कैथल इकाई ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिला उपायुक्त के माध्यम से विरोध पत्र भेजकर गेहूं के एमएसपी में कम से कम 150 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करने की मांग की है। विरोध दर्ज कराने के लिए पार्टी की ओर से 25 रुपये का बैंक ड्राफ्ट भी भेजा गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि समर्थन मूल्य में मामूली बढ़ोतरी से किसानों को राहत नहीं मिल रही।प्रदेश उपाध्यक्ष धूप सिंह माजरा, सचिव बलवान काेटड़ा, जिला प्रधान अवतार सिंह चीका, सेवा सिंह बालू, बालकिशन, रामभज आदि नेताओं ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) ने विपणन वर्ष 2027-28 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 25 रुपये बढ़ाकर 2610 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। पार्टी ने इसे किसानों की बढ़ती लागत के मुकाबले अपर्याप्त बताते हुए कहा कि खाद, बीज, कीटनाशक, कृषि मशीनरी और अन्य जरूरी संसाधनों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में किसानों की आमदनी और खेती से होने वाले मुनाफे पर दबाव बढ़ रहा है।जजपा ने गेहूं के एमएसपी में 25 रुपये की बढ़ोतरी को प्रतीकात्मक विरोध का विषय बनाते हुए प्रधानमंत्री को 25 रुपये का बैंक ड्राफ्ट भेजा है। पार्टी नेताओं के अनुसार, यह कदम सरकार को यह बताने के लिए उठाया गया है कि किसानों की मेहनत और खेती पर बढ़ते खर्च के मुकाबले समर्थन मूल्य में की गई बढ़ोतरी पर्याप्त नहीं है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे