चौधरी देवीलाल जयंती पर जेजेपी ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
नूंह, 25 सितंबर (हि.स.)। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) मेवात की ओर से जननायक चौधरी देवीलाल की 113वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को हिलालपुर स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेजेपी मेवात जिलाध्यक्ष नासिर हुसैन बदरुद्दीन ने की।
पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ताऊ देवीलाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष नासिर हुसैन बदरुद्दीन ने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल को लोग सम्मानपूर्वक 'ताऊ' कहकर पुकारते हैं। उन्होंने कहा कि देवीलाल देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री रहे और हरियाणा के दो बार मुख्यमंत्री भी रहे।
जेजेपी प्रवक्ता राहुल जैन ने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ताऊ देवीलाल के दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुष्यंत चौटाला किसानों, कमेरे वर्ग और गरीबों की समस्याओं को उठाने तथा उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
हलका प्रधान आस मोहम्मद, हलका प्रधान वसीम अहमद, युवा प्रदेश सचिव साकिर हुसैन, युवा जिला प्रभारी जावेद सालाहेड़ी, ओबीसी सेल जिलाध्यक्ष कारी सैयद साबिर तथा किसान नेता चौधरी नसीम रोजकामेव ने संयुक्त रूप से कहा कि चौधरी देवीलाल ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, मजदूरों, गरीबों और आमजन के कल्याण के लिए समर्पित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

