home page

जींद के थुआ गांव में निर्माण सामग्री को लेकर विवाद, एक व्यक्ति की मौत

 | 
जींद के थुआ गांव में निर्माण सामग्री को लेकर विवाद, एक व्यक्ति की मौत


जींद, 31 मई (हि.स.)। अलेवा खंड के गांव थुआ में रविवार को मकान के आगे निर्माण सामग्री रखने को लेकर विवाद हो गया। जिसमें एक व्यक्ति को चोट लगने से मौत हो गई।

गांव थुआ निवासी 55 वर्षीय रामनिवास तथा पड़ोसी साधुराम परिवार के बीच रविवार को मकान के सामने निर्माण सामग्री डालने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि साधुराम परिवार ने ईंटों तथा डंडों से रामनिवास पर हमला कर दिया। जब उसकी पत्नी कविता, बेटा आशू, ताऊ का बेटा बलजीत बीचबचाव करने पहुंचे तो उनको भी आरोपितों ने चोटें मारी। गुप्तांग पर चोट लगने से रामनिवास बेसुध हो गया। परिजनों द्वारा रामनिवास को नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया।

मृतक के भाई बलजीत ने बताया कि आरोपित साधुराम अपने मकान पर प्लस्तर कर रहा है। जिसकी सामग्री उसने रामिनवास के मकान के सामने डाल दिया। जिसके चलते रास्ता बाधित हो गया और उठने वाली धूल रामनिवास के घर में जाने लगी। जिस पर उसके भाई रामनिवास ने आपत्ति जताई तो आरोपित उसके भाई से उलझ गए और मारपीट करने लगे। संवेदनशील अंग पर चोट लगने के कारण उसके भाई की मौत हो गई। जबकि उसके समेत परिवार के तीन सदस्यों को हलकी चोटें आई।

अलेवा थाना प्रभारी आत्मा राम ने बताया कि पुलिस ने बलजीत की शिकायत पर साधुराम परिवार के पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के शव के पोस्टमार्टम को लेकर कार्रवाई की जा रही है।

----

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा