home page

हिसार के जीवन हत्याकांड के मुख्य आरोपी समेत तीन गुजरात से गिरफ्तार

 | 

आरोपियों में 50,000 का इनामी मुख्य आरोपी भी शामिल

चंडीगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा पुलिस ने हिसार के चर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गुजरात के जूनागढ़ से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 50,000 का इनामी मुख्य आरोपी रमेश शर्मा भी शामिल है। हरियाणा पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे सभी तीन प्रमुख आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया गया है।

हरियाणा पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को चंडीगढ़ में जारी जानकारी में बताया कि बीती चार अगस्त को हिसार के सूर्यनगर निवासी जीवन कुंडू की 10-12 व्यक्तियों द्वारा मारपीट कर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में हिसार में मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद मुख्य आरोपी रमेश शर्मा निवासी सूर्यनगर, हिसार, विशाल उर्फ बाबा निवासी भारत नगर, हिसार तथा सौरभ उर्फ मोल्ड निवासी सूर्यनगर, हिसार फरार चल रहे थे। मुख्य आरोपी रमेश शर्मा की गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस द्वारा 50,000 का इनाम घोषित किया गया था।

घटना के बाद हिसार शहर में लोगों में काफी रोष था। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन एवं धरने भी आयोजित किए गए, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा पुलिस की अलग अलग टीमों ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया। आरोपियों की तलाश में लगातार तकनीकी निगरानी एवं मानव खुफिया तंत्र के माध्यम से इनपुट जुटा रही थी। इसी दौरान प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों फरार आरोपियों को जूनागढ़, गुजरात से गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान हिसार पुलिस तथा एसटीएफ टीम हिसार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने हिसार पुलिस का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनने वाले तत्वों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा