जेबीटी से टीजीटी प्रमोशन को 30 सितंबर तक भेजना होगा रिकार्ड
चंडीगढ़, 17 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के जेबीटी व सीएंडवी कैडर के योग्य एवं वरिष्ठता में छूटे (वंचित) शिक्षकों को टीजीटी पदों पर प्रमोट करने की अंतिम प्रक्रिया शुरू कर दी है। निदेशालय ने इसे अंतिम अवसर करार देते हुए स्पष्ट किया है कि 30 सितंबर तक सभी पात्र शिक्षकों के केस हर हाल में मुख्यालय भेजे जाएं।
गुरुवार को जारी निर्देशों के अनुसार, निदेशालय ने चेतावनी दी है कि यदि किसी जिले में पात्र टीचर का केस छूट गया या देरी हुई, तो इसके लिए संबंधित जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जेबीटी व सीएंडवी शिक्षकों को टीजीटी मैथ, इंग्लिश, हिंदी, पंजाबी, साइंस, होम साइंस, संस्कृत और टीजीटी उर्दू के पदों पर प्रमोट किया जाएगा। जिन शिक्षकों ने 31 मार्च 2026 तक आवश्यक शैक्षणिक योग्यताएं पूरी कर ली हैं, वे ही इस पदोन्नति प्रक्रिया के पात्र माने जाएंगे।
एचटेट परीक्षा पास न करने वाले अध्यापकों के केस आगे नहीं भेजे जाएंगे। सभी जिलों के डीईईओ को 30 सितंबर तक मैनुअल (बाय हैंड) हार्ड कॉपी के साथ-साथ निर्धारित ईमेल आईडी पर सॉफ्ट कॉपी भेजना अनिवार्य है। जिन शिक्षकों के पदोन्नति केस वर्ष 2025-2026 के दौरान पहले ही भेजे जा चुके हैं, उन्हें दोबारा पूरा केस भेजने की आवश्यकता नहीं है। यदि किसी टीचर का केस 2025 से पहले भेजा गया था, तो उनका अपडेटेड एसीआर समरी शीट और लेटेस्ट एनओसी के साथ नया केस भेजना होगा। विभाग की वेबसाइट पर 1 से 40,773 तक के शिक्षकों की राज्यस्तरीय वरिष्ठता सूची जारी कर दी गई है। इसी सूची के आधार पर पात्रता और सर्विस रूल्स (2021/2023) के तहत प्रमोशन दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

