home page

यमुनानगर:गड्ढों व जलभराव के विरोध में आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन

 | 
यमुनानगर:गड्ढों व जलभराव के विरोध में आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन


यमुनानगर, 01 सितंबर (हि.स.)। यमुनानगर के जगाधरी क्षेत्र में सड़क की खराब हालत, गहरे गड्ढों और बारिश के बाद होने वाले जलभराव के विरोध में आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता स्प्रिंग डेल स्कूल वाली सड़क पर एकजुट हुए और सड़क की मरम्मत तथा जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई। विरोध जताते हुए कार्यकर्ताओं ने सड़क के एक बड़े गड्ढे में भाजपा का झंडा भी लगाया।

जिलाध्यक्ष राहुल भान ने कहा कि जिस मार्ग पर प्रदर्शन किया गया, वहां स्प्रिंग डेल स्कूल और भगवान परशुराम स्कूल स्थित हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय लोग इस रास्ते से गुजरते हैं। उनके अनुसार सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है और कई बार लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। राहुल भान ने कहा कि व्यासपुर रोड से इस मार्ग पर आते ही सड़क की हालत खराब मिलती है।

बारिश के दौरान करीब दो फुट तक पानी जमा हो जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

आम आदमी पार्टी नेता चिराग सिंघल ने कहा कि जगाधरी नगर निगम की मेयर सुमन बहमनी भाजपा से हैं, जबकि जगाधरी विधायक अकर्म खान कांग्रेस से हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों के जनप्रतिनिधियों के बावजूद सड़क की समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर स्थानीय लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों पर पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे और उससे लटक रही तारों को लेकर भी चिंता जताई। चिराग सिंघल ने कहा कि जलभराव के बीच खुले या असुरक्षित तारों से गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने सड़क की मरम्मत, जलनिकासी व्यवस्था सुधारने और बिजली की तारों को सुरक्षित कराने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार